रांची में भारत-वेस्टइंडीज T20 मैच के लिए क्रिकेट का जुनून अपने चरम पर है। फैंस की भीड़, कड़े सुरक्षा इंतजाम और जीत की उम्मीदें। जानिए पूरी जानकारी।
Ranchi Cricket Match: झारखंड की राजधानी रांची में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले T20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट का जुनून सिर चढ़कर बोल रहा है. जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम के बाहर सुबह से ही क्रिकेट प्रशंसकों की भीड़ जुटने लगी है. मैच शाम सात बजे से शुरू होना है, लेकिन दर्शकों का उत्साह ऐसा है कि एंट्री शुरू होने से करीब दो घंटे पहले ही फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए स्टेडियम पहुंचने लगे हैं.स्टेडियम के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मैच को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं. स्टेडियम के गेट समेत प्रवेश द्वारों के आसपास बैरिकेडिंग की गई है. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिसकर्मियों, पेट्रोलिंग टीम और कमांडो की तैनाती की गई है. वहीं, ट्रैफिक पुलिस भी जाम से निपटने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मुस्तैद है.
स्टेडियम में प्रवेश करने वाले दर्शकों की सघन जांच की जाएगी. प्रशासन की कोशिश है कि मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे और दर्शकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

हेलमेट, खाने-पीने का सामान और बड़े बैग ले जाने पर रोक
स्टेडियम के बाहर लगातार उद्घोषणा के जरिए दर्शकों को प्रवेश संबंधी नियमों की जानकारी दी जा रही है. दर्शकों को हेलमेट, खाने-पीने का सामान, पान-गुटखा, मसाला, नुकीली वस्तुएं और बड़े बैग साथ नहीं लाने की हिदायत दी गई है. पानी की बोतल की उपलब्धता स्टेडियम के भीतर होगी. सुरक्षा जांच के बाद ही दर्शकों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी.
प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले प्रतिबंधित वस्तुओं का ध्यान रखें, ताकि प्रवेश के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.
पलामू से कोलकाता तक, टीम इंडिया को चीयर करने पहुंचे फैंस
रांची में क्रिकेट का खुमार ऐसा है कि झारखंड के अलग-अलग जिलों के अलावा दूसरे राज्यों से भी प्रशंसक पहुंचे हैं. पलामू से आए क्रिकेट फैंस ने बताया कि वे टीम इंडिया का उत्साह बढ़ाने के लिए स्टेडियम पहुंचे हैं. कुछ प्रशंसकों ने टिकट के लिए पहले से तैयारी की, जबकि कई लोगों ने ऑनलाइन टिकट बुक किए. फैंस के बीच अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, संजू सैमसन, सूर्यवंशी और महेंद्र सिंह धोनी को लेकर खास उत्साह देखने को मिला. प्रशंसकों को उम्मीद है कि भारतीय बल्लेबाज बड़े शॉट लगाएंगे और टीम इंडिया शानदार जीत दर्ज करेगी. वहीं, गेंदबाज कुलदीप यादव से भी विकेटों की उम्मीद जताई जा रही है.
मैच देखने के लिए कोलकाता से पहुंचे भी लोग क्रिकेट के प्रति अपने जुनून की कहानी लेकर आए हैं. उन्होंने बताया कि जहां-जहां भारत में मुकाबले होते हैं, वहां पहुंचकर टीम इंडिया का समर्थन करने की कोशिश करते हैं.

जीत के लिए भारत और वेस्टइंडीज में होगी भिड़ंत
मैच को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है. भारतीय प्रशंसक जहां टीम इंडिया की जीत की उम्मीद लगाए बैठे हैं, वहीं मुकाबले में वेस्टइंडीज की टीम भी कड़ी चुनौती पेश करने के इरादे से उतरेगी.
फिलहाल स्टेडियम के बाहर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है, पुलिस लगातार निगरानी कर रही है और क्रिकेट फैंस अपनी पसंदीदा टीम को चीयर करने के लिए तैयार हैं. अब सभी को शाम सात बजे का इंतजार है, जब रांची में क्रिकेट का रोमांच अपने चरम पर पहुंचेगा.



