साहिबगंज। अवैध गांजा की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 8 किलो गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 45,600 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजा की खेप साहिबगंज लाई जा रही थी। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। सदर प्रखंड के अंचलाधिकारी बासुकीनाथ टुडू, नगर प्रभाग के इंस्पेक्टर अमित गुप्ता, प्रकाश रंजन समेत अन्य पुलिस बल छापेमारी दल में शामिल थे। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नॉर्थ कॉलोनी कलिंग के सामने वाली गली से मोटरसाइकिल सवार फिरोज अख्तर (करीब 38 वर्ष) को पकड़ा। वह छोटी कोदरजन्ना, मुफस्सिल थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
आठ बंडल में मिला गांजा:
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से आठ बंडल में करीब 8 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा 45,600 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। छापेमारी दल में नगर थाना पुलिस के पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। पुलिस मामले में गांजा की खेप के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों की भी जानकारी जुटा रही है।



