बच्चों को ले जाने का विरोध करने पर गले में रस्सी डालकर खींचने और ब्लेड से हमला करने का आरोप
उधवा। राधानगर थाना क्षेत्र के पलाशगाछी पंचायत के मुन्ताज टोला में मंगलवार की रात एक महिला पर उसके पूर्व पति द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता हालीमा खातून (24) ने राधानगर थाना में आवेदन देकर पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों पर दहेज को लेकर प्रताड़ित करने, मारपीट करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पीड़िता के अनुसार उसकी शादी करीब पांच वर्ष पूर्व बरहरवा थाना क्षेत्र के सिरासीन, शुक्रवासनी गांव में सेफाउल शेख के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी।
शादी के बाद दोनों के तीन बच्चे हैं। पीड़िता हालीमा का आरोप है कि करीब एक वर्ष पूर्व दहेज की मांग को लेकर पति सेफाउल शेख के अलावा ससुर साफुर शेख, अकलीमा बीबी, इमराउल शेख, रेशमा खातून और रेशमा के पति अजरुद्दीन अंसारी ने उसके साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया। इसके बाद पति ने उसे तलाक दे दिया। तब से हालीमा अपने तीनों बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। महिला का कहना है कि दहेज और तलाक को लेकर उसने पहले भी राधानगर थाना में अपने पति के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। आरोप है कि उक्त केस को वापस लेने के लिए पति और ससुराल पक्ष के लोग लगातार उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
बच्चों को ले जाने का विरोध करने पर हमला

आवेदन में हालीमा ने बताया कि देर रात वह अपने पिता के घर के एक कमरे में सो रही थी। इसी दौरान उसका पति सेफाउल शेख वहां पहुंचा और बच्चों को अपने साथ ले जाने लगा। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से उसके गले में रस्सी डालकर जोर से खींचना शुरू कर दिया। इससे उसका दम घुटने लगा। महिला के शोर मचाने पर उसकी मां और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने ब्लेड से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। इसके अलावा उसके बाएं हाथ पर भी ब्लेड से वार किए जाने की बात आवेदन में कही गई है। घटना के बाद आरोपी पति वहां से भागने लगा, लेकिन महिला के परिजनों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद राधानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



