प्रखंड की मध्य पियारपुर पंचायत के विभिन्न टोला-मोहल्लों में विद्युत एलटी तारों की जर्जर स्थिति को लेकर पंचायत की मुखिया रसेमा बीबी ने राजमहल विद्युत विभाग के सहायक अभियंता को आवेदन देकर तत्काल समस्या का समाधान कराने की मांग की है
उधवा। प्रखंड की मध्य पियारपुर पंचायत के विभिन्न टोला-मोहल्लों में विद्युत एलटी तारों की जर्जर स्थिति को लेकर पंचायत की मुखिया रसेमा बीबी ने राजमहल विद्युत विभाग के सहायक अभियंता को आवेदन देकर तत्काल समस्या का समाधान कराने की मांग की है।मुखिया ने अपने आवेदन के माध्यम से बताया कि पंचायत के अलाउद्दीन टोला, अजरूद्दीन टोला, हाजी अतामुद्दीन टोला, इमाज टोला, तासु टोला, फेलु हाजी टोला, गुलामुद्दीन टोला, भुतनी टोला, इब्राहीम मिस्त्री टोला, हाजी सुभान टोला और बोएल टोला समेत कई अन्य स्थानों पर बिजली के एलटी तार काफी पुराने और जर्जर हो चुके हैं। जर्जर तारों के कारण आए दिन तार टूटकर गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।घनी आबादी के बीच बिजली के तारों के गिरने से ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा बना हुआ है। मुखिया ने आशंका जताई कि यदि समय रहते जर्जर तारों को बदलकर नए तार नहीं लगाए गए तो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जिससे जान-माल का नुकसान होने की संभावना है। वहीं पंचायत के कई क्षेत्रों में विद्युत पोल की भी कमी बताई गई है। इसके कारण बिजली आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।मुखिया रसेमा बीबी ने विद्युत विभाग से जनहित में जर्जर एलटी तारों को हटाकर नए तार लगाने तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर नए विद्युत पोल लगाने की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि मसीउर रहमान उर्फ भोदु, एनामुल शेख आदि उपस्थित थे।



