सड़क किनारे गड्ढे में स्कॉर्पियो गिरने से 24 वर्षीय युवक कैफ खान की दुखद मौत हो गई. एक अन्य युवक घायल. घटना की पूरी जानकारी.
चान्हो(रांची). थाना क्षेत्र के चोरया टेम्पो टोली रोड स्थित भोगता बगीचा के समीप सोमवार की रात एक गंभीर सड़क हादसा हुआ. चोरया टेम्पो टोली रोड पर भोगता बगीचा के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब आठ फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी. हादसे में वाहन सवार 24 वर्षीय कैफ खान की मौत हो गयी, जबकि उसका फुफेरा भाई फैजान खान (25) घायल हो गया. घटना रात करीब नौ बजे की है.
हल्के मोड़ पर अनियंत्रित हुई स्कॉर्पियो
जानकारी के अनुसार, तरंगा के खिजुरटोली निवासी कैफ खान अपने फुफेरे भाई फैजान खान के साथ स्कॉर्पियो से मांडर से घर लौट रहा था. इसी दौरान चोरया टेम्पो टोली रोड में भोगता बगीचा के समीप हल्के मोड़ पर तेज गति के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा.
हादसे में कैफ खान को गंभीर चोटें आयीं. वाहन में पीछे बैठे फैजान खान ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी. सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और कैफ को गंभीर हालत में इलाज के लिए मांडर स्थित निजी अस्पताल ले गये. स्कॉर्पियो को गड्ढे से निकालने में स्थानीय लोगों की मदद ली गई.
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
अस्पताल में चिकित्सकों ने कैफ खान को मृत घोषित कर दिया. वहीं घायल फैजान खान का इलाज कराया गया. सूचना मिलने के बाद चान्हो पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है. घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है.
दो साल की बेटी छोड़ गया कैफ
परिजनों के अनुसार, कैफ खान की दो वर्ष की एक बेटी है. 24 वर्ष की उम्र में उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना को लेकर गांव में भी शोक का माहौल है.



